Publish Date: | Sat, 30 Oct 2021 08:35 AM (IST)
बिलासपुर। Bilaspur News: जोनल स्टेशन की सुरक्षा में लगातार खामियां सामने आ रही हैं। द्वार क्रमांक चार के आगे पानी टंकी के सामने इसी तरह अव्यवस्था देखी जा सकती है। दरअसल पहले यहां कर्मचारियों के लिए एक अस्थायी गेट बनाया गया था। जिसे सुरक्षा के मद्देनजर बंद कर दिया गया। पर इससे 10 कदम आगे एक अघोषित रास्ता खोल दिया गया है। इसके लिए लोहे के घेरे को तोड़ा गया है। ऐसा नहीं कि इसकी जानकारी रेलवे या आरपीएफ को नहीं है। पर न तो इसे घेरा गया और ना ही ऐसा करने वाले के ऊपर कार्रवाई की गई।कुछ इसी तरह की स्थिति जीरो गेट के पास थी। जहां से यात्रियों के अलावा असामाजिक तत्व भी स्टेशन के अंदर घुस रहे थे। यात्रियों के बाहर निकलने से आटो भी खड़ी होने लगी थी। आरपीएफ की जानकारी मिलने के बाद लोहे के इस घेरे को दोबारा बंद किया गया। अब इसका उपयोग कोई नहीं कर पाते। पर अब दूसरी तरफ इसी तरह की अव्यवस्था आने लगी है। पहले तो एक या दो लोहे हटाकर रास्ता बनाया गया था पर द्वार क्रमांक चार के आगे सात से आठ लोहे को काटकर बड़ा रास्ता बना लिया गया है।इस अघोषित रास्ते का उपयोग रेलकर्मियों के साथ-साथ यात्री और असामाजिक तत्वों द्वारा स्टेशन में प्रवेश करने के लिए किया जा रहा है। स्टेशन में मवेशी भी इसी रास्ते से घुसते हैं। जबकि पूर्व में एक अस्थाई रास्ता को इसलिए बंद किया गया था, ताकि यात्री हो या कर्मचारी केवल उसी द्वार का उपयोग करें, जिसे प्रवेश व बाहर निकलने के लिए ही बनाया गया है।
Posted By: sandeep.yadav