अन्‍य

महाराष्ट्र: ठाणे में नाबालिग लड़की से हैवानियत, 33 लोगों ने किया रेप, अब तक 24 गिरफ्तार, 2 लड़के हिरासत में

महाराष्ट्र: ठाणे में नाबालिग लड़की से हैवानियत, 33 लोगों ने किया रेप, अब तक 24 गिरफ्तार, 2 लड़के हिरासत में
प्रतिकात्मक तस्वीर

e0a4aee0a4b9e0a4bee0a4b0e0a4bee0a4b7e0a58de0a49fe0a58de0a4b0 e0a4a0e0a4bee0a4a3e0a587 e0a4aee0a587e0a482 e0a4a8e0a4bee0a4ace0a4be 614dd919b3244

आउटलुक टीम

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 30 से अधिक लोगों पर नौ महीने तक एक 15 साल की लड़की से गैंगरेप करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने 33 आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें से 24 को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है और राज्य सरकार के कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

इस बारे में डोंबीवली के मानपाड़ा थाने में 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। दो नाबालिगों समेत अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिसों ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें 29 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है और नाबालिग आरोपियों को रिमांड रूम में भेजा गया है।

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, इस बारे में ताजा जानकारी यह सामने आ रही है कि इस घिनौने कारनामे की शुरुआत 9 महीने पहले यानी जनवरी में नाबालिग प्रेमी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने रेप का वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों ने पीड़िता को ब्लैकमेल कर रेप किया।

पुलिस के अनुसार, लड़की के साथ समूह द्वारा कई बार और मुंबई के पास कई स्थानों पर सामूहिक बलात्कार किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र), दत्तात्रेय कराले ने बताया, “यह सब तब शुरू हुआ जब जनवरी में लड़की के प्रेमी ने उसके साथ बलात्कार किया और घटना का वीडियो बनाया। उसने उस वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बाद में, उसके दोस्तों और परिचितों ने जिले के डोंबिवली, बदलापुर, मुरबाद और रबाले सहित विभिन्न स्थानों पर अवसर पाकर उसके साथ कम से कम चार से पांच बार सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि लड़की ने बीती रात पुलिस से संपर्क किया और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वह लगभग सभी हमलावरों को जानती थी। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस मामले ने सार्वजनिक आक्रोश पैदा किया है और उन राजनीतिक दलों का ध्यान भी खींचा है जिन्होंने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वालों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और खासतौर पर महिला सुरक्षा को लेकर राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीच पत्र युद्ध चल रहा है। हाल ही में मुंबई के साकीनाका में हुई दुष्कर्म की घटना के बाद बीजेपी की महिला विधायकों की मांग पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र बुलाने को लेकर पत्र लिखा था। इसके जवाब में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने पत्र में कहा कि राज्यपाल को बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा और उन पर बढ़ते हमलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए संसद का 4 दिनों का सत्र बुलाने के लिए केंद्र से अनुरोध करना चाहिए। इसके लिए राज्यपाल प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखें। ठाकरे ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कोश्यारी के गृहराज्य उत्तराखंड सहित बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आंकड़े दिए हैं।

Related Articles

Back to top button