
*ग्राम चंद्रखुरी में ठेठवार यादव समाज (दुर्ग राज) का पारिवारिक मिलन समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास के साथ संपन्न
*शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव व दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर
दुर्ग। ग्राम चंद्रखुरी में ठेठवार यादव समाज (दुर्ग राज, छत्तीसगढ़) का ‘पारिवारिक मिलन समारोह एवं एक दिवसीय वार्षिक अधिवेशन’ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में समाज के स्वजातीय बंधुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से यादव समाज के गौरव छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने शिरकत की।

भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना की गई। समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया एवं समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक जनों व वरिष्ठ जनों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने समाज गंगा को प्रणाम कर समाज की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारिवारिक मिलन समारोह जैसे आयोजन आपसी भाईचारे को बढ़ाते हैं और युवा पीढ़ी को समाज से जोड़ने का कार्य करते हैं। आप सभी से निवेदन है कि अपने बच्चों को अच्छी पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार प्रदान करें जिससे वे समाज का सभ्य नागरिक बन सकें। इस सफल आयोजन के लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
समारोह को संबोधित करते हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने ठेठवार यादव समाज को क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और प्रगतिशील समाज बताया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यादव समाज का इतिहास त्याग और सेवा का रहा है। आज के दौर में यह समाज न केवल अपनी पारंपरिक संस्कृति और संस्कारों को सहेज रहा है, बल्कि आधुनिक शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पकड़ बना रहा है।
श्री चंद्राकर ने समाज के विकास के लिए अपने विचार रखते हुए कहा कि संगठित समाज ही एक विकसित राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के सामाजिक भवन और अन्य विकास कार्यों के लिए उनका सहयोग सदैव तत्पर रहेगा।
प्रांत अध्यक्ष गुलेन्द्र यादव ने समाज की दिशा और दशा पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक कुरीतियों को त्याग कर शिक्षा पर जोर देने की बात कही। वहीं, दुर्ग राज अध्यक्ष राजकुमार यादव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और वरिष्ठ जनों की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से ओमेश्वर यादव (अध्यक्ष, सरपंच संघ), रिवेन्द्र यादव (पूर्व अध्यक्ष, सरपंच संघ), रमन यादव (पूर्व राज अध्यक्ष, धमधा), नरेन्द्र यादव (अध्यक्ष, नगर इकाई भिलाई) शामिल थे। इसके अतिरिक्त रामसिंह यादव (धमधा), रोमशंकर यादव (दुर्ग राज), श्री अजीत वैध (पार्षद – दुर्ग) और श्री नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, मात्र शक्ति और युवा साथी उपस्थित थे, कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ।