अन्‍य

क्या मोदी ने तय कर दिया पासवान का उत्तराधिकारी, चिराग पर पारस ने कह दी ये बात

पशुपति कुमार पारस, चिराग पासवान

e0a495e0a58de0a4afe0a4be e0a4aee0a58be0a4a6e0a580 e0a4a8e0a587 e0a4a4e0a4af e0a495e0a4b0 e0a4a6e0a4bfe0a4afe0a4be e0a4aae0a4bee0a4b8 60e859de1cf12

आउटलुक टीम

इसे भी पढ़ें

बिहार में लोजपा के भीतर घमासान जारी है। इस बीच अब केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस ने गुरुवार को कहा कि वह अपने दिवंगत भाई रामविलास पासवान के ‘वास्तविक राजनीतिक उत्तराधिकारी’ हैं न कि चिराग पासवान, जो अपने पिता की संपत्ति के वारिस हो सकते हैं।

पिछले साल रामविलास पासवान के निधन के बाद पारस और पासवान के बेटे चिराग पासवान के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में गुटबाजी शुरू हो गई और दोनों पक्ष अब पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं। बता दें कि लोजपा की स्थापना रामविलास पासवान ने की थी।

पशुपति पारस ने चिराग पासवान से कहा कि वह अपनी गलतियों के लिए ‘आत्म मंथन’ करें। पारस ने कहा कि उनके दिवंगत भाई उनके आदर्श हैं। पहले वह लोजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष थे और वर्तमान में इससे अलग हुए धड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पारस को बुधवार को नरेंद्र मोदी नीत सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया और उन्हें खाद्य प्रसंस्करण विभाग आवंटित किया गया।

पारस ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री का पदभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए मंत्रिपरिषद् में शामिल किए जाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। पारस ने कहा कि अगले दस दिनों में वह मंत्रालय के कामकाज को समझेंगे और फिर अपने विजन और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे।

उन्होंने नई दिल्ली में कहा, “मैं रामविलास पासवान को अपना आदर्श मानता हूं। वह मेरे बड़े भाई थे।” पारस ने कहा कि पासवान ने उनसे 1977-78 में खगड़िया के अलौली से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा था और 2019 में बिहार के हाजीपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा। इन दोनों सीटों का प्रतिनिधित्व पहले पासवान करते थे।

पारस ने अपने राजनीतिक अनुभव के बारे में कहा कि वह आठ बार विधायक निर्वाचित हुए हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी रहे हैं। 2019 में वह पहली बार लोकसभा के सांसद बने और अब उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया गया है। पारस का 4 दशक से ज्यादा लंबा राजनीतिक करियर है लेकिन ज्यादातर वक्त वह रामविलास पासवान की छत्रछाया में ही रहे। रामविलास पासवान के निधन के बाद उन्होंने चिराग पासवान के विरुद्ध सफलतापूर्वक राजनीतिक तख्तापलट किया।

उन्होंने अपने सियासी करियर की शुरुआत 1978 में जनता पार्टी से विधायक के तौर पर खगड़िया जिले के अलौली सीट से की। उन्होंने जनता दल और लोजपा के टिकट पर कई बार इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह 2017 में नीतीश कुमार कैबिनेट में शामिल हुए जब सीएम की फिर से एनडीए में वापसी हुई। वह 2019 में हाजीपुर से लोकसभा के लिए चुने गए।

 

Related Articles

Back to top button