
गड़ा। हिमाचल में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने मार्च में ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा के साथ प्रचार का आगाज कर दिया था। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में असमंजस है। उम्मीदवारों के चयन और प्रचार के मोर्चे पर कांग्रेस पीछे चल रही है। देर से ही सही लेकिन अब पार्टी के बड़े नेता सक्रिय होने लगे हैं। कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और ऊना में पार्टी संगठन की हलचल तेज होने लगी है जिससे अब सियासी गर्माहट बढ़ेगी। इंतजार है तो लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा का।
कांग्रेस के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र प्रभारी कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार धर्मशाला में सक्रिय दिखाई दिए। उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर चुनावी तैयारियों और रणनीति बनाई। पत्रकार वार्ता कर भाजपा आड़े हाथों लिया। सुधीर शर्मा के पाला बदल लेने के बाद पार्टी में उनके समर्थकों को बाहर का रास्ता दिखाया और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर धर्मशाला में संगठन को नई धार दी है। हमीरपुर में सुक्खू सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर और विधायक सुरेश कुमार भी सक्रिय हैं।
अब कांग्रेस हाईकमान पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है। हाईकमान ने हिमाचल कांग्रेस के बड़े नेताओं को जिम्मेदारियों में बांधकर सक्रिय कर दिया है। उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को हाईकमान का फोकस पार्टी नेताओं और संगठन को भी सक्रिय करने पर है। इसका असर चुनावी मैदान में दिखने भी लगा है। हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह संसदीय क्षेत्र मंडी में सक्रियता बढ़ा रही हैं। हालांकि वह चुनाव लड़ने से इन्कार करती रही हैं लेकिन अब उनकी सक्रियता बढ़ रही है। बुधवार को प्रतिभा सिंह का मंडी आने का कार्यक्रम था, लेकिन दिल्ली में पार्टी की बैठक के चलते अब वह नहीं आईं।