भिलाई

पंजाब में किसी भी दल को बहुमत का आसार नहीं – विजय बघेल… विधानसभा चुनाव प्रचार से लौटकर दुर्ग सांसद ने किया विचार व्यक्त… बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का लोकसभा 2024 चुनाव में मिलेगा लाभ

भिलाईनगर। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पंजाब विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को बहुमत मिलने पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि, बूथ स्तर पर संगठन को नए सिरे से मजबूती देने का लाभ भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को 18 से 20 सीटें मिल सकती है।

उनका कहना है कि पंजाब में भाजपा का संगठन बेहद कमजोर है। इस बात का अहसास उन्हें वहां पहुंचने पर हुआ। जिससे बाद बूथ स्तर पर संगठन को खड़ा किया गया। इसका लाभ अभी तत्काल तो मिल पाना मुश्किल है। लेकिन आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा पूरे पंजाब में मजबूती के साथ खड़ी नजर आएगी।

सांसद विजय बघेल ने बताया कि, छत्तीसगढ़ से उनके अलावा राजनांदगाँव सांसद संतोष पाण्डेय और बिलासपुर सांसद अरुण साव को पंजाब विधानसभा चुनाव में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें जालंधर लोकसभा के नौ विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों को जीताने के लिए काम करना था।

लेकिन वहाँ संगठन बहुत कमजोर था, जिसे मजबूत बनाने की दिशा में काम किया गया। जालंधर लोकसभा के अंतर्गत आने वाले नौ में से पाँच विधानसभा पूरी तरह से ग्रामीण और तीन शहरी परिवेश वाले हैं। जबकि एक विधानसभा शहरी और ग्रामीण के मिश्रित परिवेश के है।

वहाँ के लोग बहुत अच्छे हैं। लोगों की सोच भ्रष्टाचार और नशा से मुक्त नया पंजाब बनाने की है। मतदाताओं में राम रहीम डेरा, संत रविदास और राधा स्वामी सत्संग न्यास का प्रभाव साफ  नजर आया है। उन्होंने बताया कि, पंजाब के कुल 117 विधानसभा चुनाव में से 73 पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं ।

वहीं अमरिंदर सिंह पार्टी ने 30 व अकाली दल संयुक्त ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। विजय बघेल के अनुसार जालंधर लोकसभा के शाहकोट, करतारपुर, जालंधर वेस्ट, जालंधर सेन्ट्रल, जालंधर नॉर्थ एवं जालंधर केन्ट में भाजपा तथा फिलौर, नाकोदर में अमरिंदर सिंह पार्टी का उम्मीदवार तथा अदमपुर में संयुक्त अकाली दल का उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

विजय बघेल के अनुसार जालंधर लोक सभा के तीन से अधिक सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार अपना परचम लहरायेंगे।  बाकि के सीटों पर गठबंधन की सहयोगी पार्टी के प्रत्याशी हैं। जालंधर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में 25 हजार से अधिक की भीड़ जुटी थी। उन्होंने इस बात को कोरा अफवाह बताया कि गाँव के किसान नेताओं को चुनाव प्रचार करने नहीं दे रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button