
देश की 75% वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “‘सबका साथ, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मजबूत हो रहें है। हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर देशवासियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “सभी वयस्कों में से 75% ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे देशवासियों को बधाई। उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं।”
अब तक 165.70 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गई
कोरोना महामारी के खिलाफ पूरे देश में टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 165.70 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 164.36 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 12.43 करोड़ से अधिक डोज उपलब्ध है।
बीते 24 घंटे में 2,34,281 नए कोरोना केस मिले
भारत में लगातार कोरोना की तीसरी लहर कमजोर हो रही है। देश में कोरोना के आंकड़ों पर नजर डालें, तो बीते 24 घंटे में 2,34,281 नए कोरोना केस दर्ज हुए, जबकि 893 मरीजों की मौत हो गई। इस दौरान 3,52,784 संक्रमित ठीक हुए, जिससे अब तक रिकवर हुए लोगों की संख्या 3.87 करोड़ से ज्यादा हो गई है। इस समय एक्टिव केस 18,84,937 हैं। सक्रिय मामलों की दर 4.59% है और रिकवरी रेट 94.21% है।