
भिलाई। बीएमवाई चरोदा में आज सुबह शंटिंग के दौरान शंटिग का कार्य कर रहे कर्मचारी की दो बोगियों के बीच दबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की वजह और किसकी गलती से यह हुआ है इसकी जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बीएमवाई चरोदा में रेलवे में पोर्टर का कार्य करने वाला रेलवे कर्मचारी सचिन मंगलवार को सुबह 6 बजे पहली पाली में ड्यूटी करने पहुंचे। वे ड्यूटी में पहुंचते ही शंटिंग काम में जुट गए। इस दौरान एक बोगी को दूसरे से अलग करने वह भीतर गया। भीतर जाने के बाद दूसरी ओर से बोगी को धक्का लगा और वह दोनो बोगी के बीच में दब गया जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही मौके पर भागे भागे पहुंचे अधिकारी
कर्मचारी के दो बोगी के भीतर दब जाने की जानकारी कर्मियों को मिली तो वे भागकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अधिकारियों ने भी मौके पर आकर देखा। पोर्टल का काम हर दिन का होता है कि दो बोगियों को अलग करे और लोको को फिर इशारा कर आगे पीछे होने कहे। यहां वह भीतर ही था और बोगी को लोको ने फिर से धक्का दिया। यह कैसे हो गया। यह जांच का विषय है। मृतक पोर्टर सचिन मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था। उसके दो भाइयों की पढ़ाई का खर्च भी वही उठा रहा था। पत्नी और बच्चे के साथ पंचशील नगर, चरोदा में किराए के मकान पर रहता था।