![e0a4b9e0a4b0e0a4bfe0a4afe0a4bee0a4a3e0a4be e0a495e0a587 e0a4ade0a4bfe0a4b5e0a4bee0a4a8e0a580 e0a4aee0a587e0a482 e0a4ace0a4a1e0a4bc 61d0a10d9ce10](https://shashwatkalam.com/wp-content/uploads/2022/01/e0a4b9e0a4b0e0a4bfe0a4afe0a4bee0a4a3e0a4be-e0a495e0a587-e0a4ade0a4bfe0a4b5e0a4bee0a4a8e0a580-e0a4aee0a587e0a482-e0a4ace0a4a1e0a4bc_61d0a10d9ce10.jpeg)
हरियाणा के भिवानी में बड़ा हादसा
आउटलुक टीम
हरियाणा के भिवानी जिले के दादम खनन क्षेत्र में शनिवार को हुए भूस्खलन में अब तक तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है और कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहीं तोशाम प्रखंड में भूस्खलन के बाद करीब आधा दर्जन डंपर ट्रक और कुछ मशीनें मलबे में दब गई हैं।
भिवानी के डीसी रिपुदमन सिंह ढिल्लों ने बताया, “कुल 5 लोगों को बचाया गया है, जिसमें से तीन की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है। हमने एनडीआरएफ की टीमें मांगी हैं, इसलिए बचाव अभियान आज भी जारी रहेगा।”
तोशाम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुखबीर ने फोन पर कहा कि घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने बताया कि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वह जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने ट्वीट में कहा भिवानी में दादम खनन क्षेत्र में दुर्भाग्यपूर्ण भूस्खलन दुर्घटना से दुखी हूं। मैं त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।
इस बीच राज्य के मंत्री जेपी दलाल मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है और डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है।