देश

हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार: पहले बीजेपी के कमल गुप्ता ने संस्कृत में, फिर जेजेपी विधायक बबली ने ली मंत्री पद की शपथ

हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार: पहले बीजेपी के कमल गुप्ता ने संस्कृत में, फिर जेजेपी विधायक बबली ने ली मंत्री पद की शपथट्विटर

आउटलुक टीम

लगभग दो साल के लंबे इंतजार के बाद आज मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। इसमें दो नए मंत्रियों ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने दोनों को शपथ दिलाई। कमल गुप्ता ने जहां संस्कृत में तो वहीं देवेंद्र बबली ने हिंदी में मंत्री पद की शपथ ली है। हालांकि इन दोनों मंत्रियों को कौनसा विभाग दिया जाएगा फिलहाल इसको लेकर खुलासा नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मंत्रिमंडल विस्तार पर कहा कि ये सरकार का पहला और आखिरी मंत्रिमंडल विस्तार है। पहले 12 मंत्री थे वहीं अब 14 हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी के मंत्रियों के कामकाज से खुश हैं। इसके अलावा मंत्रियों के विभाग पर उन्होंने अभी भी सस्पेंस बरकरार रखा है।
वहीं, हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा दोनों नए मंत्रियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने मंत्रियों द्वारा अच्छे काम की उम्मीद जताई है। चौटाला ने कहा हमारी सरकार के सभी मंत्री बेहतर काम कर रही है और प्रदेश के विकास के लिए मेहनत कर रहे हैं।
जानिए इन दोनों मंत्रियों के बारे में जिन्हें मंत्रिमंडल में मिली जगह
देवेंद्र सिंह बबली
देवेंद्र बबली टोहाना से जेजेपी के विधायक है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को 2019 के विधानसभा चुनाव में टोहाना से मात दी थी। देवेंद्र बबली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नजदीकी रहे हैं। 2019 में कांग्रेस छोड़कर जेजेपी ज्वाइन की थी। देवेंद्र बबली किसान आंदोलन के दौरान विवादों में भी रहे हैं। पहले किसानों के पक्ष में बोले थे, लेकिन विरोध होने पर किसानों को लेकर विवादित बयान दिया था और बाद में माफी मांगी थी।
कमल गुप्ता
कमल गुप्ता हिसार से विधायक हैं। आरएसएस के कार्यकर्ता रहे हैं। 2014 में सावित्री जिंदल को हराया था। 2019 में भी हिसार से जीत दर्ज की। राज्य में बीजेपी के सबसे पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। 

Related Articles

Back to top button