![e0a4b0e0a582e0a4b8 e0a495e0a587 e0a4b0e0a4bee0a4b7e0a58de0a49fe0a58de0a4b0e0a4aae0a4a4e0a4bf e0a4aae0a581e0a4a4e0a4bfe0a4a8 e0a4b8 61ae5a094b80b](https://shashwatkalam.com/wp-content/uploads/2021/12/e0a4b0e0a582e0a4b8-e0a495e0a587-e0a4b0e0a4bee0a4b7e0a58de0a49fe0a58de0a4b0e0a4aae0a4a4e0a4bf-e0a4aae0a581e0a4a4e0a4bfe0a4a8-e0a4b8_61ae5a094b80b.jpeg)
रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिले पीएम मोदी, कहा- कोविड की चुनौतियों के बावजूद भारत-रूस के संबंधों में नही आया बदलावANI
आउटलुक टीम
भारत पहुंचे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में अगवानी की। पीएम मोदी ने कहा कि कोविड की चुनौतियों के बावजूद भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों और सामरिक भागीदारी में कोई बदलाव नहीं आया है। कोविड के खिलाफ लड़ाई में भी दोनों देशों के बीच सहयोग रहा है।
मोदी ने कहा कि 2021 हमारे द्विपक्षीय संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इस वर्ष हमारे 1971 की ट्रीटी ऑफ पीस फ्रेंडशिप एंड कोऑपरेशन के पांच दशक और हमारी सामरिक भागीदारी के 2 दशक पूरे हो रहे हैं। आज हमारे बीच हुए विभिन्न समझौतों से इसमें मदद मिलेगी। मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत कोर डेवलपमेंट और को प्रोडक्शन से हमारा रक्षा सहयोग और मज़बूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भी हमारे रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए हम एक दीर्घकालिक दृष्टि अपना रहे हैं। हमने 2025 तक 30 बिलियन डॉलर ट्रेड और 50 बिलियन डॉलर के निवेश का लक्ष्य रखा है।
इससे पहले दोनों देशों के रक्षा और विदेश मंत्रियों के बीच 2+2 वार्ता हुई जिसमें रक्षा सहयोग के लिए चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों के बीच हुई डील के तहत भारत में 6 लाख से ज्यादा एके-203 राइफल्स का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रूस से 70,000 राइफलें खरीदी जाएंगी। इसके साथ ही, साल 2021-2031 से दोनों देशों के बीच सैन्य तकनीकी सहयोग कार्यक्रम पर समझौता हुआ है।
अफगानिस्तान पर दोनों देशों के संबंधों में ठंडक और बॉर्डर पर चीन-भारत के तनाव के बीच पुतिन की इस यात्रा का खासा महत्व माना जा रहा है। दोनों नेता 21वें वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। भारत और रूस के बीच यह 21वीं सालाना शिखर बैठक है।
पुतिन ने पिछले दो सालों में भारत का दौरा नहीं किया है। वो कोरोना महामारी के चलते जी-20 और सीओपी 26 जैसे सम्मेलन में भी शामिल नहीं हो सके थे। कोविड के चलते ही उन्होंने अपना चीन का दौरा भी टाल दिया था। हालांकि इस साल वो सिर्फ अमेरिकी राष्ट्रपति से ही मिले थे।