
Publish Date: | Fri, 19 Nov 2021 11:49 PM (IST)
नवापारा-राजिम। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागनगरी राजिम में त्रिवेणी संगम में नदिया मड़ई में ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में नवापारा राजिम सहित अंचल भर के लोग हजारों की तादाद मे मड़ई मेला का आनंद लेने पहुंचे। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली भी कहा जाता है, नतीजतन इस दिन स्नान, दान व देव दर्शन का विशेष महत्त्व होता है। इसीलिए अलसुबह से ही महानदी में नहाने वालों की काफी भीड़ देखी गई। स्नान के बाद लोगों ने त्रिवेणी संगम के मध्य स्थित माता सीता द्वारा रेत से निर्मित शिवलिंग भगवान श्री कुलेश्वरनाथ व लोमश ऋषि महाराज का पूजन अर्चन व दर्शन किया। साथ ही दीपदान कर पुण्य की प्राप्ति की।अंचल में यह भी माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रीकुलेश्वरनाथ भगवान में मड़ई होने के बाद अंचल में मड़ई मेला का आयोजन प्रारंभ हो जाता है। कोरोना काल के चलते पिछली बार इस मड़ई की रौनक बहुत ही फीकी थी लेकिन इस बार की ऐतिहासिक भीड़ ने राजिम मेला की याद ताजा कर दी। हजारों की संख्या में लोग पिकनिक मनाने सहित भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने राजिम पहुंचे। लोमश ऋषि आश्रम से कुलेश्वरनाथ और फिर भगवान राजीवलोचन मंदिर तक भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।विधायक धनेंद्र साहू ने किया भगवान कुलेश्वरनाथ का दर्शनकार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अभनपुर क्षेत्र के विधायक धनेंद्र साहू अपने समर्थको के साथ भगवान कुलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे और भगवान का दर्शन पूजन कर अंचल सहित प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्घि की कामना की। साथ ही मेले का आनंद भी लिया। इस अवसर पर उनके साथ ब्लाक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंग, सचिव जिला कांग्रेस व एल्डरमैन रामा यादव, पार्षद संध्या राव, राजू सोनी, ब्लाक उपाध्यक्ष निर्माण यादव व राकेश सोनकर, सचिव अजय गाड़ा व सभापति हेमन्त साहनी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network



